जेनेवा, 5 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने सऊदी अरब के लिए रवाना होने से पहले स्विट्जरलैंड के मोंट्रेक्स शहर में तीसरे दिन भी ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जारिफ से परमाणु वार्ता को लेकर मुलाकात की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ईरान और विश्व की छह महाशक्तियों पी5+1 (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन और जर्मनी) के वरिष्ठ राजनयिक गुरुवार को ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक समझौते तक पहुंचने के प्रयास में बातचीत के लिए एकत्र होंगे।
केरी के प्रतिनिधिमंडल के एक करीबी सूत्र ने बताया कि ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख अली अकबर सालेही और अमेरिकी सचिव अर्नेस्ट मोनिज ने भी इस द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लिया।
सूत्र ने बताया कि अमेरिका-ईरान की अगले चरण की मंत्री स्तरीय वार्ता 15-20 मार्च तक चलेगी। वार्ता के लिए स्थान का चुनाव अभी नहीं किया गया है।
इससे पहले आयोजित की गई वार्ता का आखिरी चरण 21 से 23 फरवरी को जेनेवा में संपन्न हुआ था, जिसमें केरी और जारिफ दोनों ने हिस्सा लिया था।
dharmpath.com dharmpath