बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रामसुंदर दास नहीं रहे (लीड-1)

पटना, 6 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रामसुंदर दास का शुक्रवार को तड़के लगभग चार बजे निधन हो गया। वह 94 वर्षीय दास गुर्दे की बीमारी एवं अधिक उम्र की परेशानियों से पीड़ित थे। उन्हें दो दिन पूर्व पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। दास के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

परिजनों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री की अंत्येष्टि शनिवार को पटना में गंगा किनारे बांस घाट पर की जाएगी।

दास के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके कंकड़बाग स्थित आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट की।

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा, “दास के निधन से मैंने अपना राजनीतिक मार्गदर्शक खो दिया है। उनके राजनीतिक जीवन से भावी पीढ़ी को बराबर प्रेरणा मिलती रहेगी।”

रामसुंदर दास अप्रैल 1979 से फरवरी 1980 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर संसदीय क्षेत्र से दास ने दिग्गज नेता और लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान को हराया था।

दास के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, लोजपा नेता रामविलास पासवान व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी ने भी शोक प्रकट किया है।

दास के निधन के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर आयोजित होने वाला होली समारोह रद्द कर दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493