मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। सोमवार को दोपहर के कारोबार में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में 1.82 फीसदी या 535 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान बैंकिंग, पूंजीगत वस्तु और सूचना प्रौद्योगिकी शेयरों में विशेष गिरावट रही।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी इस दौरान 1.76 फीसदी या 157.10 अंकों की गिरावट के साथ 8,780.65 पर कारोबार करते देखा गया।
सेंसेक्स दोपहर करीब 2.40 बजे 486.14 अंकों की गिरावट के साथ 28,962.81 पर कारोबार करते देखा गया। इस दौरान इसने 29,321.06 का ऊपरी और 28,843.48 का निचला स्तर छुआ।
बीएसई के 12 में से 11 सेक्टरों में गिरावट देखी गई।
बैंकिंग (2.34 फीसदी), बिजली (2.29 फीसदी), पूंजीगत वस्तु (1.98 फीसदी), सूचना प्रौद्योगिकी (1.91 फीसदी) और प्रौद्योगिकी (1.75 फीसदी) में सर्वाधिक गिरावट देखी गई।
एक मात्र सेक्टर स्वास्थ्य सेवा (0.56 फीसदी) में तेजी देखी गई।
विश्लेषकों के मुताबिक, जनवरी महीने के लिए अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल (गैर कृषि रोजगार) आंकड़े में तेजी के कारण बाजार में गिरावट दर्ज की गई है।
अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल में 2,95,000 नौकरियों की वृद्धि रही है। बेरोजगारी दर घटकर 5.5 फीसदी रह गई है, जो जनवरी 2014 में 5.7 फीसदी थी।
बाजार की चिंता यह है कि नॉन-फार्म पेरोल में वृद्धि से महंगाई बढ़ेगी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व उम्मीद से पहले ब्याज दर बढ़ा देगा, जिसके कारण विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों से किनारा कर लेंगे।
dharmpath.com dharmpath