इस्लामाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। अफगान शरणार्थियों की गिरफ्तारी और निर्वासन पर बातचीत के लिए अफगानिस्तान के शरणार्थी एवं प्रत्यर्पण मंत्री सैयद हुसैन आलिमी बाखी इस समय पाकिस्तान में है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ द्वारा सोमवार को जारी रपट के मुताबिक, आलिमी बाखी नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान वह शरणार्थियों के मुद्दे सुलझाने के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे।
बाखी ने रविवार को अफगान शरणार्थियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वह अगले कुछ दिनों में पाकिस्तानी नेताओं के समक्ष उनके सभी मुद्दे उठाएंगे और दोनों पक्ष मिलकर इन समस्याओं का समाधान निकालेंगे।
बाखी ने बताया कि अफगानिस्तान में राष्ट्रपति अशरफ गनी की नई सरकार ने शरणार्थियों की स्वदेश वापसी की एक व्यापक रणनीति तैयार की है।
इस दौरान बाखी पेशावर में अफगान शरणार्थियों से भी मिलेंगे।
आज बाखी पाकिस्तान के राज्य एवं सीमांत क्षेत्र मंत्री अब्दुल कादिर बलूच से मिलेंगे।
पिछले साल 16 दिसंबर को पेशावर में आर्मी पब्लिक स्कूल पर हुए तालिबानी हमले के बाद पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अधिकारियों ने गैर पंजीकृत अफगान शरणार्थियों के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है।
गौरतलब है कि इस हमले में 150 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 135 बच्चे शामिल थे।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त के मुताबिक, पाकिस्तान में लगभग 30 लाख अफगान शरणार्थी रहते हैं, जिनमें से लगभग आधे शरणार्थी पंजीकृत नहीं है।
dharmpath.com dharmpath