बीबीसी वृत्तचित्र दिखाने पर समाजिक कार्यकर्ता से घंटों पूछताछ

आगरा, 10 मार्च (आईएएनएस)। बीबीसी द्वारा 16 दिसंबर 2012 के दुष्कर्म कांड पर बनाए गए विवादित वृत्तचित्र को गांववालों के एक समूह को दिखाने के आरोप में पुलिस ने एक सामाजिक कार्यकर्ता से पूछताछ की है। तेजाब हमलों के खिलाफ काम करने वाले इस सामाजिक कार्यकर्ता के लैपटॉप और पेनड्राइव को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस वृत्तचित्र पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगाया हुआ है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने वृत्तचित्र ‘इंडियाज डॉटर’ पर सरकार के प्रतिबंध को धता बताने के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता केतन दीक्षित से सोमवार की शाम आगरा के पास बरहन पुलिस थाने में कई घंटों तक पूछताछ की।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वे मामले का अध्ययन कर रहे हैं और मुख्यालय के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को संकेत दिए थे कि केतन पर जल्द ही मामला दर्ज किया जाएगा।

केतन ने आईएएनएस से कहा, “वह अभी तक मुक्त हैं लेकिन पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं जो किसी भी समय हो सकती है।”

पुलिस ने कहा कि लैपटॉप और एक चादर को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। चादर का इस्तेमाल वृत्तचित्र दिखाने में पर्दा बनाने के लिए किया गया था।

केतन ने रविवार को एतमादपुर क्षेत्र के रूपधाम गांव में एक सार्वजनिक शो आयोजित कर वृत्तचित्र दिखाया था। इस वृत्तचित्र को महिलाओं समेत 70 से अधिक लोगों ने देखा।

दीक्षित ने आईएएनएस से कहा कि उनका यह कृत्य ग्रामीण इलाकों में अच्छी और संवेदनशील फिल्में दिखाने का हिस्सा था और वह आगे भी स्कूलों और गांवों में इस तरह की फिल्में दिखाना जारी रखेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493