गोवा : कांग्रेस विधायक की बर्खास्तगी सोनिया ने समर्थन किया

पणजी, 11 मार्च (आईएएनएस)। गोवा कांग्रेस के विधायक अतानासियो मोंसेराते को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यहां कहा कि अतनासियो की बर्खास्तगी का कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी समर्थन किया है।

पणजी में कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सुनील कवथनकर ने कहा कि पार्टी अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले राज्य कांग्रेस के अन्य संदिग्ध सदस्यों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।

कवथनकर ने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने अतनासियो को छह साल के लिए पार्टी से बर्खास्त करने के राज्य कार्यकारिणी के निर्णय का समर्थन किया है।”

मोंसेराते कांग्रेस सरकार और साथ ही भाजपा नेतृत्व वाली सरकार में मंत्रिमंडल के सदस्य रह चुके हैं। उनकी पत्नी जेनिफर हालांकि कांग्रेस पार्टी की विधायक बनी हुई हैं।

2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बुरी तरह हारी थी और 40 सदस्यों वाली विधानसभा में केवल नौ सीटों पर ही जीत दर्ज करा पाई थी।

चुनाव में हार के बाद पार्टी में अंदरूनी कलह बढ़ गया। मोंसेराते ने हाल के उपचुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार का खुले तौर पर विरोध किया था, जिस कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। वहीं कांग्रेस के एक अन्य विधायक माविनो गोडिन्हो लंबे समय से मोंसेराते को पार्टी से निष्कासित करने की मांग कर रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493