कोयला ब्लॉक आवंटन की जिम्मेदारी ले कांग्रेस : नायडू

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने गुरुवार को कहा कि कोयला ब्लॉक आवंटन मामले की जिम्मेदारी सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी को लेनी चाहिए।

कोयला आवंटन मामले में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आरोपी बनाए जाने के सवाल पर नायडू ने यह जवाब दिया।

नायडू ने संवाददाताओं को बताया, “यहां मनमोहन सिंह जी की ईमानदारी पर उंगली उठाने का प्रश्न नहीं है, बल्कि इस मामले की जिम्मेदारी लेने और इस पर कोई कदम नहीं उठाने सवाल का है।”

उन्होंने कहा, “मनमोहन सिंह अपना तर्क रखेंगे लेकिन इसके साथ कांग्रेस को देश को यह बताने की जरूरत है कि कोयला ब्लॉक आवंटन की यह प्रक्रिया कैसे हुई। इसके लिए किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदारी उठाने की जरूरत है।”

गौरतलब है कि बुधवार को एक विशेष अदालत ने कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला और पूर्व केंद्रीय कोयला सचिव पी.सी. पारेख को सम्मन जारी किया। अदालत ने इसे गैरकानूनी गतिविधियों के उद्देश्य से आपराधिक षड्यंत्र करार दिया।

अदालत की ओर से मनमोहन को सम्मन भेजे जाने के एक दिन बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय से मनमोहन सिंह के आवास तक पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति एकजुटता दिखाते हुए मार्च निकाला।

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, “मैं यही कहूंगा कि फैसले को स्वीकार करने के लिए हम सभी के पास साहस होना चाहिए। समूचा विश्व जानता है कि भारत का संविधान विश्व के बेहतर संविधानों में से एक है और इसमें किसी तरह की बाधा से कानूनी प्रणाली का अपमान होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493