कोलकाता, 13 मार्च (आईएएनएस)। कोलकाता में तीन साल पहले एक चलती कार में दुष्कर्म का शिकार हुई पार्क स्ट्रीट निवासी महिला के कई अंग निष्क्रिय हो जाने के कारण शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। महिला के अधिवक्ता ने बताया कि उसका इन्सेफेलाइटिस का उपचार चल रहा था।
महिला के अधिवक्ता ए. गुहा ठाकुरता ने बताया, “उसे कुछ दिन पहले भर्ती कराया गया था, जहां उसका इन्सेफेलाइटिस का उपचार चल रहा था। उनके कई अंग निष्क्रिय हो चुके थे। आज (शुक्रवार) सुबह उनकी मौत हो गई।”
पीड़िता दो बच्चों की मां थी। फरवरी 2012 में पार्क स्ट्रीट के एक नाइट क्लब से बाहर आते ही बंदूक के दम पर उसे एक कार में खींच लिया गया था और चलती कार में ही उसके साथ दुष्कर्म कर उसे बाहर फेंक दिया गया था।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को ‘मनगढ़ंत’ करार दिया था, जिसके बाद वह विवादों में घिर गई थीं।
पुलिस ने इस वारदात में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया था, हालांकि मुख्य आरोपी अभी तक नहीं पकड़ा जा सका है।
महिला ने वर्ष 2013 में अपनी पहचान जाहिर की थी और राज्य में हो रहे दुष्कर्मो के खिलाफ कोलकाता की सड़कों पर रैलियां निकाली थीं।
dharmpath.com dharmpath