विश्व कप : स्टार्क, कुमिंस ने स्कॉटलैंड को 130 रनों पर समेटा (लीड-1)

होबार्ट, 14 मार्च (आईएएनएस)। मिशेल स्टार्क (14-4) और पैट कुमिंस (42-3) की धारदार गेंदबाजी के दम पर आस्ट्रेलिया ने शनिवार को बेलेरीव ओवल मैदान पर जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-ए के अपने अंतिम मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए स्कॉटलैंड को 130 रनों पर आउट कर दिया।

स्कॉटलैंड की टीम 25.4 ओवरों तक ही आस्ट्रेलियाई आक्रमण पंक्ति का सामना कर सकी। उसकी ओर से मैट माचान ने सबसे अधिक 40 रन बनाए जबकि जोश डेवे ने 26, माइकल लीस्क ने नाबाद 23 और कैलम मैक्लोड ने 22 रनों का योगदान दिया।

स्कॉटलैंड के सात बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सके। माचान ने 35 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए जबकि मैक्लॉड ने 19 गेंदों की तेज पारी में पांच चौके लगाए। 95 रनों पर आठ विकेट गिरने के बाद डेवे और लीस्क ने नौवें विकेट के लिए 35 रनों की साझेदारी की, जो इस टीम के लिए सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई।

डेवे ने 35 गेंदों पर चार चौके लगाए जबकि लीस्क ने 11 गेंदों का सामना कर चार बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया। शेन वॉटसन, मिशेल जानसन और ग्लेन मैक्सवेल को भी एक-एक सफलता मिली।

दोनों ही टीमों का यह आखिरी ग्रुप मैच है। आस्ट्रेलिया जहां क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुका है वहीं, स्कॉटलैंड नॉकआउट की दौड़ से बाहर है और टूर्नामेंट में उसे अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है।

आस्ट्रेलिया इस समय ग्रुप-ए में तीसरे स्थान पर है और यहां एक जीत उसे दूसरे पायदान पर पहुंचा देगी। इस जीत से आस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उसे क्वार्टर फाइनल में संभवत: भारत या दक्षिण अफ्रीका से सामना नहीं करना पड़ेगा।

वैसे, दक्षिण अफ्रीका या भारतीय टीम भी क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया का सामना करने से बचना चाहेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493