गुल पनाग के नए टीवी शो में मानव जज्बे को सलाम

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री गुल पनाग जल्द ही एक नए टीवी रियलटी शो ‘किंगफिशर ब्लू माइल-मिशन माउंट एवरेस्ट’ प्रस्तुत करती नजर आएंगी। इस शो में लोगों के जज्बे की जीत को दर्शाया जाएगा।

यह शो नौ साहसी लोगों पर आधारित होगा, जिसमें प्रतिभागी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप से ट्रैकिंग करेंगे।

गुल पनाग ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, “यह सिर्फ एक शो नहीं है। इसमें कैमरे में कैद प्रतिभागियों के सफर को दिखाया जाएगा। यह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर लगाए गए शिविरों से शुरू की गई यात्रा है। इसे अन्य सामान्य शो की तरह शूट नहीं किया गया है।”

उन्होंने कहा, “हमने ऐसे शो देखे हैं, जिसमें लोग एवरेस्ट की चढ़ाई करते हैं लेकिन वे मुख्य रूप से पेशेवर होते हैं। इसके साथ ही एवरेस्ट पर चढ़ना वहां लगाए गए आधार शिविरों तक ट्रैकिंग करने से अलग है।”

उन्होंने बताया, “किंगफिशर ब्लू माइल में देश भर के विभिन्न हिस्सों से आए आम लोगों को मौका दिया जाएगा। ये लोग पेशेवर पर्वतारोही नहीं हैं। इस शो से मानव जज्बे को सलाम किया जाएगा।”

गुल पनाग इस शो में मार्गदर्शक के साथ मिल कर प्रतिभागियों की यात्रा में उनकी मदद करेंगी। दुनिया की सात ऊंची चोटियां फतह कर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली जुड़वा बहनें ताशी और नुंगशी मलिक शो में मेंटर की भूमिका निभाएंगी।

यह शो शनिवार से एनडीटीवी गुड टाइम्स चैनल पर प्रसारित होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493