रायपुर/कोरबा, 16 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। हादसे में करीब 19 यात्री घायल भी हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने दुर्घटना में यात्रियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कोरबा जिला प्रशासन को सभी पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने और घायलों का बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी मिली है कि अंबिकापुर और कोरबा के बीच मोरगा के पास सुबह करीब 9 बजे यह दुर्घटना हुई। इसमें बस के रेलिंग से टकराने के बाद बड़ी संख्या में यात्री नाले में जा गिरे। मरने वालों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
बताया जाता है कि बिश्रामपुर से कोरबा के बीच चलने वाली हिंदुस्तान बस सर्विस की बस में अंबिकापुर के साथ कटघोरा, बिश्रामपुर और कोरबा के अधिकांश यात्री शामिल थे। घटना के काफी देर बाद तक भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था और नाले में शव इधर-उधर बिखरे पड़े हुए थे।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस मोरगा से करीब 6 किलोमीटर पहले पुलिया की दीवार से टकराई और सामने का कांच टूटने के बाद नाले में जा गिरी। आठ यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य की मृत्यु मोरगा अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में यातायात अवरुद्ध हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल बिश्रामपुर से करीब 100 किलोमीटर दूर है। मोरगा अस्पताल में 11 बजे तक डॉक्टर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद घायलों का उपचार कंपाउंडर ने किया। लोगों का कहना है कि डॉक्टर होता तो कुछ लोगों को बचाया जा सकता था। मरने वालों में देवनगर गांव के तीन मजदूर भी हैं।
dharmpath.com dharmpath