नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। अपनी जुदा नृत्य शैली और हाजिरजवाबी के लिए लोकप्रिय अभिनेता गोविंदा डांस शो ‘डीआईडी सुपर मॉम्स’ के निर्णायक के रूप में छोटे पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उन्हें अच्छे टेलीविजन शो का हिस्सा बनने से कोई ऐतजार नहीं है।
गोविंदा ‘डीआईडी सुपर मॉम्स’ के लांच के लिए राजधानी दिल्ली में थे। इस दौरान उन्होंने आईएएनएस को बताया, “मैं हर सही और अच्छी चीज के लिए तैयार हूं। लेकिन शो ऐसा होना चाहिए, जिससे मुझे लगे कि इसमें मेरे पास दर्शकों को देने के लिए कुछ है। मैं टेलीविजन शो को तभी हां कह पाऊंगा।”
गोविंदा पिछली बार छोटे पर्दे पर गेम शो ‘जीतो छप्पर फाड़ के’ (2001) के सूत्रधार के रूप में नजर आए थे।
‘डीआईडी सुपर मॉम्स’ के निर्णायकमंडल में गोविंदा के अलावा नृत्य निर्देशक गीता कपूर और टेरेंस लेविस भी होंगे।
इस शो के लिए राजी होने की वजह पूछे जाने पर गोविंदा कहते हैं कि इसकी वजह उनकी मां हैं।
गोविंदा ने कहा, “मां मेरे लिए हमेशा खास रही हैं। मैंने आज जो भी सफलता पाई है, उसके लिए मेरी मां काफी जिम्मेदार हैं। मुझे यकीन है कि मेरी इस बात से कई लोग सहमत होंगे।”
dharmpath.com dharmpath