तेलंगाना में स्वाइन फ्लू से अब तक 73 मौतें

हैदराबाद, 17 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना में स्वाइन फ्लू के कारण जनवरी से लेकर अब तक 73 लोगों की मौत हो चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि मौत के यह मामले एक जनवरी से 16 मार्च के बीच दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटों में राज्य में एच1एन1 वायरस से संक्रमण के 23 नए मामले सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, सोमवार को 103 लोगों के खून के नमूनों की जांच की गई थी, जिनमें से 23 लोग स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए हैं। पिछले एक सप्ताह में यह आंकड़ा सबसे कम है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने एक जनवरी से लेकर अभी तक कुल 6,415 लोगों के खून की जांच की है, जिनमें से 2,075 लोग स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए हैं। हैदराबाद और उसके पड़ोसी जिले रंगा रेड्डी में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं और सबसे अधिक जानें भी इन्ही दोनों जिलों में गई हैं।

अधिकारियों ने कहा कि सभी शैक्षिक, जिला और क्षेत्र के अस्पतालों में दवाओं और परीक्षण सामग्री का पर्याप्त भंडारण किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे सभी तरह की सावधानियां बरतें और तेज बुखार, खांसी, छींकना और शरीर में दर्द जैसी किसी भी तरह की परेशानी होने पर शीघ्र ही पास के अस्पताल में संपर्क करें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493