जम्मू एवं कश्मीर : भाजपा नेता कवींद्र बने विधानसभा अध्यक्ष

जम्मू, 18 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कवींद्र गुप्ता को बुधवार को राज्य विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया।

विधानसभा सदस्यों ने कवींद्र का चुनाव सदन के बजट सत्र में किया। राज्य विधानसभा में बजट सत्र शुरू होने के बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता व शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने अध्यक्ष पद के लिए कवींद्र के नाम का प्रस्ताव किया, जिसका उप मुख्यमंत्री व भाजपा नेता निर्मल सिंह ने अनुमोदन किया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया।

उन्होंने विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता मुहम्मद शफी का स्थान लिया है।

कवींद्र जम्मू जिले में गांधी नगर विधानसभा सीट से विधायक हैं। पिछले साल दिसंबर में हुए राज्य विधानसभा के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस नेता रमन भल्ला को हराया था।

विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश के बाद भाजपा और पीडीपी ने राज्य में गठबंधन सरकार बनाई है। पीडीपी नेता व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व में गठबंधन सरकार का गठन यहां एक मार्च को हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493