इंडियन वेल्स ओपन में राओनिक ने नडाल को हराया, फेडरर से भिड़ेंगे (लीड-1)

इंडियन वेल्स (अमेरिका), 21 मार्च (आईएएनएस)। विश्व के छठे वरीयता प्राप्त कनाडा के मिलोस राओनिक ने स्पेन के राफेल नडाल पर जीत के साथ इंडियन वेल्स ओपन के सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। सेमीफाइनल में उनका सामना स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर से होगा।

राओनिक ने शुक्रवार को नडाल को 4-6, 7-6, 7-5 से हराकर अपने करियर की अब तक की सबसे बड़ी विजय हासिल की। राओनिक ने इस शानदार जीत के दौरान 19 एस लगाए और सात में से अपने छह ब्रेक प्वाइंट बचाए।

इससे पहले हुए पांच मुकाबलों में नडाल ने राओनिक को धूल चटाया था लेकिन इस बार राओनिक ने तीन बार के चैम्पियन को बाहर जाने पर मजबूर किया।

तीन घंटे में नडाल को धूल चटाने वाले राओनिक के लिए हालांकि फाइनल में पहुंचना आसान नहीं क्योंकि फेडरर के खिलाफ उनका जीत-हार का रिकार्ड 1-8 का है।

मैच के बाद राओनिक ने कहा, “मेरे सभी शॉट अच्छा लगे। मैं कई मौकों पर भाग्यशाली भी रहा। मैंने पूरे मैच के दौरान अपने खेल पर नियंत्रण का पूरा प्रयास किया और उम्मीद की कि नडाल कुछ गलतियां करें। मेरे लिए यह एक शानदार जीत है।”

टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में शनिवार को विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविक का सामना ब्रिटेन के एंडी मरे से होगा।

दूसरी ओर, फेडरर ने क्वार्टर फाइनल में चेक गणराज्य के थॉमस बेरडिक को 69 मिनट में 6-4, 6-0 से हराया।

चार बार इंडियन ओपन खिताब जीत चुके फेडरर ने इस साल शानदार प्रदर्शन किया है। वह अब तक 16 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें से सिर्फ एक में उन्हें हार मिली है। इस साल आस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर में इटली के आंद्रेस सेप्पी ने उन्हें हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493