वाशिंगटन, 22 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर जारी वार्ता को लेकर सकारात्मक हैं और उन्होंने इसी सप्ताह समझौता होने की उम्मीद जताई है।
समाचार पत्र ‘हफिंगटन पोस्ट’ को शनिवार को दिए साक्षात्कार में ओबामा ने कहा, “हमारा लक्ष्य इस समझौते तक कुछ सप्ताह में पहुंचना है, न कि महीनों में।”
ओबामा ने हालांकि यह भी कहा कि तेहरान अंतिम समझौते के लिए छह विश्वशक्तियों (रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, अमेरिका और जर्मनी) के साथ जारी वार्ता में जरूरी ‘रियायतें’ नहीं दे रहा।
ओबामा ने कहा, “लेकिन वे आगे आए हैं, जिससे समझौते की संभावना बढ़ी है। जब तक हर मुद्दे पर बात स्पष्ट नहीं हो जाती समझौता नहीं हो सकता। मेरे खयाल से अभी यह कहना जल्दबाजी होगी की समझौते की रूपरेखा तैयार हो चुकी है।”
विश्व शक्तियों ने ईरान के साथ स्विट्जरलैंड के लुसाने शहर में हुई हालिया दौर की वार्ता शुक्रवार को निलंबित कर दी। पारसियों के सबसे बड़े पर्व नवरोज को देखते हुए वार्ता को निलंबित किया गया है। वार्ता अगले सप्ताह फिर से शुरू होगी, क्योंकि समझौते के लिए मार्च के आखिर को अंतिम समयसीमा तय किया गया है।
ओबामा ने कहा, “नवरोज की छुट्टियों को देखते हुए वार्ता टाल दी गई है। इस अवधि का पी5+1 समूह में सभी पक्षों की राय जानने में उपयोग करेंगे कि सभी मौजूदा परिस्थिति से संतुष्ट हैं या नहीं।”
ओबामा से पहले ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने भी समझौते को लेकर सकारात्मक बयान दिया था और कहा था कि समझौता संभव है तथा मौजूदा दौर की वार्ता में इस ओर प्रगति हुई है।
dharmpath.com dharmpath