पटना के गांधी मैदान में पूरे बिहार की झलक

पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दौरान लोगों को यहां मगध, वैशाली, मिथिला, भोजुपर और अंगिका क्षेत्र की संस्कृतिक झलक देखने को मिल रही है। यहां मधुबनी पेंटिंग, सिक्की कला, काष्ठ कलाकारी सहित बिहार की समस्त कलाएं कला प्रेमियों को लुभा रही हैं।

पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दौरान लोगों को यहां मगध, वैशाली, मिथिला, भोजुपर और अंगिका क्षेत्र की संस्कृतिक झलक देखने को मिल रही है। यहां मधुबनी पेंटिंग, सिक्की कला, काष्ठ कलाकारी सहित बिहार की समस्त कलाएं कला प्रेमियों को लुभा रही हैं।

समृद्घ बिहार, शिक्षित बिहार, स्वच्छ बिहार बनाने की दिशा में सभी सरकारी स्टॉलों पर लोगों को इसकी जानकारियां दी जा रही हैं तथा गैर सरकारी स्टॉलों पर कलाकार अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं।

बिहार के मंदिरों, गुरुद्वारा, पर्यटन स्थल और सरकारी योजनाओं की जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में लोगों को दी जा रही है। इधर, श्रम संसाधन विभाग के स्टॉल पर आधार कार्ड तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में बताया जा रहा है।

बिहार दिवस पर ‘जीविका’ के हाट में लगे 15 स्टॉलों पर बिहार की कलाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है और स्वरोजगार की इच्छुक महिलाओं को भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। हाट में महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जा रहा है।

मधुबनी पेंटिंग के स्टॉल पर इंदिरा देवी अपनी तमाम सहयोगियों के साथ मौजूद हैं। इंदिरा बताती हैं कि वह पिछले 10 वषरें से पटना में अपनी पेंटिंग लेकर आती हैं। उन्होंने बताया कि उनके स्वयं सहायता समूह में आज 2,000 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं, जो पेंटिंग के अलावा विभिन्न तरह का स्वरोजगार अपनाए हुई हैं।

इधर, मधुबनी के राजनगर की रंभा अपनी मिथिला पेंटिंग का प्रदर्शन यहां कर रही हैं। वह अपनी कला से जुड़े लोगों के बारे में बताती हैं कि वे लोग शिल्प संघ का संचालन कर रहे हैं और उनकी पेंटिंग पूरे देश में जाती है।

कला स्टॉल पर लगी फोटो प्रदर्शनी को भी लोगों की खूब सराहना मिल रही है। छायाकार शैलेंद्र की ‘छठ’ की थीम और अभिषेक की ‘बिहार की बेटियां’ थीम की तस्वीर को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

बिहार दिवस के मौके पर लेजर शो के जरिए लोगों को बिहार का इतिहास दिखाया जा रहा है। इसके अलावा कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को गांधी मैदान में बिहार दिवस के मुख्य समारोह का उद्घाटन किया था। बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम 24 मार्च तक जारी रहेगा। ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ की थीम पर तीन दिवसीय इस समारोह को मुख्यमंत्री ने महिलाओं को समर्पित किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493