जर्मनविंग्स हादसा : मृतकों के परिजन हवाईअड्डों पर पहुंचे

बार्सेलोना/डसेलडॉर्फ/पेरिस, 25 मार्च (आईएएनएस)। जर्मनी की लुफ्थांसा एयरलाइंस की किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी जर्मनविंग्स के दुर्घटनाग्रस्त विमान एयरबस ए320 में सवार यात्रियों के परिजन दो हवाईअड्डों पर जमा हो गए हैं।

विमान स्पेन के बार्सिलोना से जर्मनी के डसेलडोर्फ जाने के दौरान फ्रांस के पहाड़ी क्षेत्र ‘फ्रेंच आल्प्स’ के आल्पस-डी-हौत प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में 144 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 150 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी की मौत हो गई।

मीडिया रपटों के अनुसार, विमान में सवार लोगों में से 67 जर्मन नागरिक थे, जिनमें से 16 जोसेफ कोएनिग जिमनेजियम उच्च विद्यालय के विद्यार्थी थे। इसके अलावा 45 स्पेनिश नागरिक और दो ओपेरा गायक-गायिका भी थे। विमान में ऑस्ट्रेलिया, तुर्की, डेनमार्क, नीदरलैंड और बेल्जियम के भी नागरिक थे।

स्पेन के दैनिक समाचार पत्र अल पैस के अनुसार, बार्सिलोना के अल प्राट हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में ज्यादातर यात्री जर्मन नागरिक थे, जो बार्सिलोना और पाल्मा डी मालोरका से जर्मनी लौट रहे थे।

मनोवैज्ञानिकों के एक दल को अल प्राट हवाईअड्डे पर जमा मृतकों के परिजनों की सहायता के लिए भेजा गया है। कैटालान पुलिस की वैज्ञानिक इकाई ने परिजनों से डीएनए के नमूने देने का आग्रह किया है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके।

जर्मनी के अंतर्राष्ट्रीय प्रसारक डॉयचे वेले के अनुसार, विमान दुर्घटना की खबर पता चलने के बाद मृतकों के परिजन और दोस्त डसेलडोर्फ हवाईअड्डे पर जमा हो रहे हैं, जिन्हें सदमे से उबारने के लिए मनोवैज्ञानिकों के दल की मदद ली जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493