बर्लिन, 27 मार्च (आईएएनएस)। जर्मनविंग्स हादसे के रहस्योद्घाटन के बाद बहुत सी विमानन कंपनियां नए नियम लागू करने को सहमत हो गईं हैं, जिनके तहत चालक दल के दो सदस्य हमेशा कॉकपिट में मौजूद रहेंगे।
समचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जर्मन उड्डयन एसोसिसएशन बीडीएल से बातचीत के बाद लुफ्तहांसा ग्रुप, एयर बर्लिन, कोनडोर और ट्यूफ्लाई सहित बहुत सी जर्मन विमानन कंपनियां नए नियम लागू करने पर सहमत हो गईं।
नार्वेजियन एयर, ईजीजेट, एयर कनाडा और आइसलैंडएयर जैसे कई वैश्विक विमानन कंपनियों ने भी ऐसे उपायों की घोषणा की है।
ये उपाय जर्मनविंग्स के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण पता लगने के बाद किए जा रहे हैं।
जांच में पता चला था कि मंगलवार को बर्सिलोना से डसेलडॉर्फ जा रहे विमान के सह-पायलट ने उड़ान के कप्तान को कॉकपिट से बाहर बंद करके विमान को जानबूझ कर फ्रेंच आल्पस में दुर्घटनाग्रस्त किया था। हादसे में विमान में सवार सभी 150 लोगों की मौत हो गई थी।
बीडीएल के कार्यकारी निदेशक मैथियास वॉन रेंडो ने बताया, “हम इन नए नियमों को तुरंत लागू करना चाहते हैं।”
नए नियम लागू करने के लिए जर्मनी के संघीय उड्डयन कार्यालय एलबीए में शुक्रवार को चर्चा होगी।
dharmpath.com dharmpath