मेलबर्न, 28 मार्च (आईएएनएस)। मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर रविवार को न्यूजीलैंड के साथ खेला जाने वाला आईसीसी विश्व कप-2015 फाइनल मैच आस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क के करियर का आखिरी अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच होगा।
क्लार्क ने मैच से पूर्व शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। माना जा रहा है कि 33 वर्षीय क्लार्क के संन्यास लेने के बाद स्टीवन स्मिथ को टीम की कमान सौंपी जाएगी।
इससे पूर्व ठीक इसी तरह रिकी पोंटिंग ने भी विश्व कप-2011 के क्वार्टर फाइनल में भारत से मिली हार के बाद संन्यास की घोषणा की थी और क्लार्क कंगारू टीम के नए कप्तान चुने गए थे।
क्लार्क ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “कल आस्ट्रेलिया के लिए मेरा आखिरी एकदिवसीय मैच होगा। आस्ट्रेलिया के लिए खेलना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं टीम के उन सभी खिलाड़ियों को धन्यवाद देता हूं, जिनके साथ मुझे खेलने का मौका मिला।”
क्लार्क ने अपने अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय करियर का सफर 2003 में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ किया था और अब तक 44.42 की औसत से 7907 रन बना चुके हैं। इसमें आठ शतक और 57 अर्धशतक शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath