इस्लामाबाद, 31 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ तथा प्रधानमंत्री के विदेश तथा राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल यमन में जारी संकट पर वार्ता के लिए मंगलवार को सऊदी अरब के लिए रवाना हो गया।
समाचार वेबसाइट डॉन ऑनलाइन के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा सेना के तीन अधिकारी शामिल हैं, जो रियाद के लिए रवाना हो गए।
सऊदी की राजधानी रवाना होने से पहले रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से दिशानिर्देश लिया और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ संक्षिप्त बैठक की।
यमन में जारी संकट पर पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल रियाद में उच्च अधिकारियों के अलावा, सऊदी अरब के युवराज मुकरीन बिन अब्दुल अजीज तथा रक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे।
यमन में संघर्ष विराम के लिए प्रतिनिधिमंडल के जेद्दा के ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) के नेतृत्व से भी मिलने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब तथा सहयोगी देश पिछले सप्ताह से यमन में शिया हौती लड़ाकों के खिलाफ हवाई हमलों को अंजाम दे रहा है, जिन्होंने देश के दक्षिण में स्थित शहर अदेन में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। अदेन में ही देश के राष्ट्रपति ने शरण ले रखी थी।
पाकिस्तान सऊदी अरब का क्षेत्रीय सहयोगी है, लेकिन यमन में रियाद के अभियान में सैन्य समर्थन को लेकर उसने सार्वजनिक तौर पर अभी तक कोई मंजूरी नहीं दी है।
मीडिया ने सऊदी प्रेस एजेंसी के हवाले से कहा कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सऊदी अरब के शाह सलमान से शनिवार को टेलीफोन पर बातचीत की और पाकिस्तान सेना की सभी क्षमताओं के उपयोग की पेशकश की।
dharmpath.com dharmpath