महिंद्रा की बिक्री 8 फीसदी घटी

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बुधवार कहा कि 2014-15 में उसकी कुल बिक्री साल-दर-साल आधार पर आठ फीसदी कम रही।

कंपनी ने बताया कि आलोच्य वर्ष में उसने 4,64,848 वाहन बेचे हैं, जबकि एक साल पहले 5,07,176 वाहन बिके थे।

इस दौरान घरेलू बिक्री नौ फीसदी कम 4,34,652 रही, जो एक साल पहले 4,77,517 थी।

इस दौरान निर्यात दो फीसदी अधिक 30,196 वाहनों का हुआ। एक साल पहले 29,659 वाहनों का निर्यात हुआ था।

मार्च महीने में हालांकि कंपनी की बिक्री 12 फीसदी घटकर 45,212 रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 51,636 थी।

मार्च में घरेलू बिक्री 15 फीसदी कम 41,193 रही, जो एक साल पहले 48,490 थी।

मार्च में निर्यात 28 फीसदी अधिक 4,019 वाहनों का रहा, जबकि एक साल पहले समान अवधि में 3,146 वाहनों का निर्यात हुआ था।

कंपनी ने बताया कि वेरिटो जैसे मॉडलों और उपयोगिता वाहनों वाले यात्री खंड में बिक्री 10 फीसदी कम 21,030 रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 23,433 थी।

चार पहियों वाले वाणिज्यिक वाहन खंड में बिक्री 19 फीसदी कम 14,279 रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 17,649 थी।

तिपहिया वाहनों की बिक्री 24 फीसदी घटकर 4,808 रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 6,305 थी।

कंपनी ने कहा कि नए कारोबारी साल में बिक्री बेहतर रहने की उम्मीद है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहन खंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण शाह ने कहा, “सामान्य मानसून की उम्मीद, पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटने और ब्याज दर घटने की उम्मीद के साथ हमें 2015-16 में वाहन उद्योग के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।”

कंपनी के शेयर बंबई स्टॉक एक्सचेंज में 1.22 फीसदी तेजी के साथ 1201.65 रुपये पर बंद हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493