ईरानी परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख पक्षों पर सहमति बनी : रूस

लौसेन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि विश्व की छह शक्तियों और ईरान के बीच उसके विवादित परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख पक्षों पर सहमति बन गई है।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, लावरोव ने मंगलवार को कहा कि अब पर्याप्त भरोसे के साथ इस बात की घोषणा की जा सकती है कि प्रमुख मुद्दों पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि समझौते के तकनीकी विवरणों पर अब से लेकर जून के अंत तक काम किया जाएगा।

ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जारिफ ने मंगलवार रात संवाददाताओं से कहा था कि मंगलवार को परमाणु वार्ता में काफी प्रगति हुई है और उन्हें बुधवार को समझौते को लेकर बातचीत के निष्कर्ष पर पहुंचने की आशा है।

ईरान और विश्व की छह महाशक्तियों (अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, रूस, फ्रांस और जर्मनी) के बीच चल रही परमाणु वार्ता अपनी निर्धारित समय सीमा 31 मार्च तक पूरी नहीं हो सकी थी, जिसके बाद वार्ता की अवधि बुधवार, एक अप्रैल के लिए बढ़ा दी गई।

फ्रांस और जर्मनी ने भी मंगलवार को परमाणु वार्ता की अवधि एक दिन आगे बढ़ाने की घोषणा की थी।

फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फैबियस ने कहा, “हम काफी प्रगति कर चुके हैं, लेकिन मुद्दा अब भी जटिल और लंबा है।”

इस बीच, ईरान के एक वार्ताकार ने स्वीकार किया कि तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर किसी व्यापक समझौते तक पहुंचने से पहले कई मुद्दे सुलझाने हैं। इन सभी मुद्दों को सुलझाए बगैर कोई समझौता संभव नहीं हो पाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493