यूपीपीएससी पर्चा लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन

लखनऊ/इलाहाबाद, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रारम्भिक परीक्षा की पहली पारी का पर्चा लीक होने का मामला थमने का नाम नही ले रहा है। बुधवार को इलाहाबाद में हिंदू हॉस्टल चौराहे के पास छात्रों ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने, दूसरी पारी का पेपर रद्द करने और आयोग के अध्यक्ष अनिल यादव को बर्खास्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी।

छात्रों के प्रदर्शन से नाराज सीओ कुलभूषण ने पुलिस को लाठीचार्ज करने के आदेश दे दिए। इस दौरान भगदड़ में कई छात्र घायल हो गए हैं। दूसरी ओर, पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और रबर की गोलियां भी दागी।

पुलिस की इस रवैये से आक्रोशित छात्रों ने पीएसी जवानों की बस में तोड़फोड़ की, और परिवहन विभाग की बस फूंक डाली। छात्रों ने शासन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि प्रतियोगी छात्र बुधवार को हिंदू हॉस्टल के सामने एकत्र होकर दूसरी पाली की यूपीपीसीएस-प्री की परीक्षा निरस्त करने और आयोग के अध्यक्ष अनिल यादव को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान छात्र लोक सेवा आयोग कार्यालय की तरफ बढ़ने लगे। इसी बीच पुलिस ने कुछ छात्रों को पकड़ कर हिरासत में ले लिया। इसके बाद छात्र वापस हिंदू हॉस्टल चौराहे पर आ गए और वहां पर सभा करने लगे।

कुछ देर बाद जब छात्रों ने दोबारा लोक सेवा आयोग की ओर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। ऐसे में गुस्साए छात्रों ने पुलिस की बैरीकेडिंग तोड़ दी।

पुलिस ने छात्रों के उपद्रव को देखते हुई हवा में गोलियां चलाई। गोली चलते देख छात्र हॉस्टल के अंदर भाग गए और वहां पहुंचने के बाद पथराव करने लगे। ऐसे में पुलिस और पीएसी के जवानों ने हॉस्टल के अंदर घुसकर छात्रों को कमरे से खींच-खींचकर पीटा। इस बीच कुछ छात्रों ने पीएसी की बस में तोड़फोड़ कर एक बस को आग लगा दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493