काबुल, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। हथियारबंद व्यक्तियों ने बुधवार को अफगानिस्तान के सारीपुल प्रांत में कई यात्री वाहनों को रोक लिया और 13 यात्रियों का अपहरण कर लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सारीपुल प्रांतीय परिषद के सदस्य हयातुल्लाह अलामाई ने कहा, “अभागे यात्री बुधवार सुबह सारीपुल शहर से बलखाब जिले को जा रहे थे और इसी दौरान हथियारबंद लोगों के गिरोह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। गिरोह के लोगों के बारे में अनुमान है कि वे तालिबान थे जिन्होंने दामारदा इलाके में गाड़ियों को रोका और वे 13 यात्रियों को अज्ञात स्थानों पर लेकर चले गए।”
उन्होंने ज्यादा विवरण मुहैया नहीं कराया। सारीपुल शहर अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से 350 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
प्रांतीय परिषद के एक अन्य सदस्य गुलाम नबी खुर्रम ने भी घटना की पुष्टि की और कहा कि संभवत: इसमें तालिबान की संलिप्तता है।
कुछ दिनों पहले इसी तरह की घटना में सशस्त्र व्यक्तियों ने पड़ोसी बाख प्रांत में चार लोगों का अपहरण कर लिया था और उनके बारे में अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
बीते फरवरी माह में अज्ञात सशस्त्र लोगों ने दक्षिणी जाबुल प्रांत में 31 यात्रियों का अपहरण कर लिया था और सरकार अभी तक उन्हें सुरक्षित रिहा नहीं करा सकी है।
dharmpath.com dharmpath