मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘नच बलिए 7’ के लिए चौथे निर्णायक के लिए काफी खोजबीन कर चुकीं निर्माता एकता कपूर अब खुद ही इसकी जिम्मेदारी समंभालते हुए चौथे निर्णायक की कुर्सी पर विराजमान हो सकती हैं।
एक सूत्र के मुताबिक, एकता हर एपीसोड में मौजूद नहीं रहेंगी, लेकिन उनके पास अन्य निर्णायकों के फैसलों को रद्द करने का अधिकार रहेगा।
सूत्र ने बताया, “शो के निर्माता अब भी उनकी सटीक भूमिका पर काम कर रहे हैं, लेकिन कहा जा रहा है कि वह ‘महा निर्णायक’ होंगी। एकता केवल कुछ महत्वपूर्ण एपिसोड में ही मौजूद होंगी और उनके पास अन्य तीनों निर्णायकों के फैसले को खारिज करने का अधिकार होगा।”
सूत्र ने बताया कि एकता के पास किसी बाहर हुए युगल को वापस लाने और किसी भी युगल को हटाने का अधिकार भी होगा।
शो का चौथा निर्णायक बनने के लिए विद्या बालन और करीना कपूर जैसी अदाकाराओं से संपर्क किया गया था, लेकिन बातचीत का अभी तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। हालांकि, लेखक चेतन भगत ने शो का निर्णायक बनने की पुष्टि कर दी है।
निर्णायकों के अलावा, ‘मास्टरशेफइंडिया 4’ के निर्णायक रणवीर बरार अपनी पत्नी पल्लवी बरार के साथ प्रतिभागियों में शामिल हो सकते हैं। ‘नच बलिए’ का सातवां सत्र स्टार प्लस पर मई में प्रसारित होने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath