नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ केंद्रीय मंत्री मंत्री गिरिराज सिंह की नस्लभेदी टिप्पणी के विरोध में पार्टी के कुछ कार्यकताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने सुबह लगभग 9.30 बजे नई दिल्ली क्षेत्र में विट्ठल भाई पटेल हाउस के सामने विरोध प्रदर्शन किया, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त एम.के मीणा ने आईएएनएस को बताया, “लगभग 30-32 लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है। यह कांग्रेस द्वारा किया गया एकमात्र विरोध प्रदर्शन है लेकिन यदि अन्य प्रदर्शन भी किए जाते हैं तो हम स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
कार्यकर्ताओं ने सिंह के खिलाफ पोस्टर लगाए और नारेबाजी की।
कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग भी की।
गिरिराज ने मंगलवार को पटना में संवाददाताओं से कहा था, “यदि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने नाइजीरिया की महिला से शादी की होती और वह महिला श्वेत नहीं होती तो क्या तब भी कांग्रेस उन्हें अपने नेता के रूप में स्वीकार करती?”
अपनी इस टिप्पणी पर चौतरफा आलोचना झेलने के बाद गिरिराज ने इस पर खेद व्यक्त करते हुए कहा था कि उन्होंने यह टिप्पणी अनौपचारिक बातचीत के दौरान की थी।
dharmpath.com dharmpath