जेरूसलम, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी जेरूसलम में फिलिस्तीनियों के लिए 2,200 मकान बनेंगे। इजरायल ने इसकी मंजूरी दे दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जेरूसलम नगरपालिका के प्रवक्ता सपिर पेलेस ने इसे शहर में रहने वाले अरब समुदाय के लोगों की जीत बताया।
उन्होंने बताया कि इजरायल के आंतरिक मंत्रालय के जिला योजना एवं निर्माण समिति ने बुधवार को इस योजना को मंजूरी दी। इसके तहत 370 एकड़ क्षेत्र में आवासीय मकान, स्कूल, वाणिज्यिक केंद्र तथा पार्क बनाए जाएंगे।
हालांकि इजरायल के वामपंथी रूझान वाले मानवाधिकार संगठन ‘अमीम’ ने एक बयान में इस योजना के अमल में आने पर संदेह जताया। बयान में कहा गया है कि इस योजना को सिर्फ कागजी मंजूरी दी गई है, निर्माण कार्य वास्तव में जल्द शुरू नहीं होंगे।
इजरायल के दक्षिणपंथी राजनीतिक दल और यहां के बाशिंदे इस योजना का विरोध कर रहे थे, जिसके कारण यह योजना पिछले दो साल से लंबित पड़ी थी। योजना को मंजूरी जेरूसलम जिला अदालत के एक आदेश के बाद दी गई है, जिसमें योजना समिति को इस आशय की परियोजना पर से रोक हटाने के आदेश दिए गए थे।
जेरूसलम में रहने वाले अरब समुदाय के लोगों ने योजना को मिली मंजूरी पर खुशी जताई है।
मानवाधिकार संगठन ‘अमीन’ से जुड़े शोधकर्ता अवीव तातस्र्की ने कहा, “पूर्वी जेरूसलम में आवास एक बड़ी समस्या है। यह पहली बार है, जब इस तरह की किसी योजना को मंजूरी दी गई है। यह बेहद महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।”
dharmpath.com dharmpath