नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की सीनियर राष्ट्रीय हॉकी टीम मलेशिया के शहर इपोह में पांच अप्रैल से होने वाले 24वें सुल्तान अजलान शाह कप में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार देर रात कुआलालम्पुर रवाना होगी।
यह इस साल भारतीय टीम का पहला अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। एशियाई खेल विजेता भारतीय टीम का इपोह में आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया, कनाडा और मेजबान मेलेशिया से सामना होगा। यह टूर्नामेंट 12 अप्रैल तक चलेगा।
सरदार सिंह को टीम का कप्तान बनाया गया है जबकि गोलकीपर पी आर श्रीजेश उपकप्तान हैं। यह नए कोच पॉल वान ऐस की देखरेख में टीम का पहला टूर्नामेंट होगा।
दिल्ली में कठिन मेहनत और तैयारी के बाद टीम आत्मविश्वास से भरपूर नजर आ रही है। वह टूर्नामेंट में विजयी शुरूआत को लेकर आश्वस्त दिख रही है।
सरदार ने रवानगी से पहला कहा, “नए कोच की देखरेख में हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। हम अपनी मजबूतियों पर काम करते रहे हैं। नए कोच ने हमें हमारी मजबूतियों के बारे में बताया और साथ ही यह भी बताया है कि किस तरह हमें अपनी कमियों पर काम करना है। हम विवक्षी टीमों को छकाने को लेकर आश्वस्त हैं।”
भारत को अपना पहला मैच पांच अप्रैल को कोरिया के साथ खेलना है। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.40 बजे खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath