जिबूती से 176 पाकिस्तानियों से भरा विमान रवाना

इस्लामाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय एयरलाइंस (पीआईए) का एक विशेष विमान शुक्रवार को यमन में फंसे 176 पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर जिबूती से रवाना हुआ।

समाचार पत्र ‘डॉन’ की वेबसाइट के मुताबिक, विमान के शुक्रवार रात तक इस्लाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के नागरिक उड्डयन मामलों के सलाहकार शुजात अजीम यहां पहुंचने वाले नागरिकों का स्वागत करने वाले हैं।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया था कि पाकिस्तानी नागरिक यमन के बंदरगाह शहर अदन से एक चीनी नौसेना के जहाज के जरिये जिबूती पहुंच रहे हैं। पाकिस्तानी नागरिकों को स्वदेश वापस लाने के लिए पीआईए का विमान गुरुवार रात जिबूती रवाना हुआ था।

इस बीच, यमन के बंदरगाह शहर मोकल्ला में अब भी लगभग 175 पाकिस्तानी स्वदेश लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

पाकिस्तानी नौसेना का जहाज गुरुवार को मोकल्ला बंदरगाह पर पहुंच गया था। लेकिन बुधवार रात अलकायदा द्वारा जेल तोड़ने की घटना के बाद हुए लड़ाई-झगड़े के कारण जहाज की रवानगी में देरी हुई। अलकायदा ने जेल तोड़कर लगभग 300 कैदियों को छुड़ा लिया।

यमन की राजधानी सना में अब भी 145 पाकिस्तानी फंसे हैं। अधिकारी उनके लिए सना में विशेष विमान भेजने की योजना बना रहे हैं।

यमन में हौती विद्रोहियों द्वारा राष्ट्रपति को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद गहराए संकट के कारण यहां रह रहे लगभग 3,000 पाकिस्तानियों में से 1,000 देश छोड़ने की कोशिश में जुटे हैं।

पाकिस्तानियों को यमन से लाने गया पहला विमान रविवार रात करांची हवाईअड्डे पर उतरा था, जिसमें लगभग 500 पाकिस्तानी थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493