चेन्नई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दयानिधि मारन, कलानिधि मारन, उनकी पत्नी कावेरी कलानिधि और समूह की कंपनियों की 742.58 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने पर सन टीवी समूह ने शुक्रवार को भी कोई प्रतिक्रिया नहीं की।
दूसरे दिन भी समूह के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस प्रकरण पर अपना मुंह नहीं खोला। समूह के चैनल हालांकि चालू हैं।
पूर्व केद्रीय दूरसंचार मंत्री और डीएमके नेता दयानिधि मारन ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित बताया है।
इस प्रकरण का सन टीवी के शेयरों पर क्या प्रभाव पड़ता है, इसका पता सोमवार को बाजार खुलने के बाद ही लग पाएगा।
एक अप्रैल को सन टीवी के शेयर बंबई स्टॉक एक्सचेंज में 453.85 रुपये पर बंद हुए थे।
सन टीवी में कलानिधि मारन की 75 फीसदी हिस्सेदारी है।
ईडी ने बुधवार को एयरसेल-मैक्सिस सौदे के मामले में संपत्ति जब्त करने की घोषणा की थी।
दयानिधि मारन ने कहा है कि ईडी ने जो संपत्ति जब्त की है, वह कथित अपराध से पहले की है।
दयानिधि मारन के मुताबिक, केंद्र सरकार की अनुमति से ही विदेशी कंपनियां भारतीय कंपनियों में निवेश कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि एयरसेल-मैक्सिस सौदे में कुछ भी छिपा हुआ नहीं है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वह इस मामले में मुकदमा लड़ेंगे और उनकी जीत होगी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का आरोप है कि दयानिधि मारन ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर एयरसेल के प्रमोटर सी. शिवशंकरन को अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए विवश किया और मलेशियाई कारोबारी टी. आनंद कृष्णन को एयरसेल का अधिग्रहण करने में मदद की।
शिवशंकरन ने आरोप लगाया है कि दयानिधि मारन ने मैक्सिस समूह को उनकी कंपनी का अधिग्रहण करने में मदद की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि मैक्सिस ने एस्ट्रो नेटवर्क के जरिए एक कंपनी में निवेश किया है, जो कथित तौर पर मारन परिवार की कंपनी है।
dharmpath.com dharmpath