ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर इजरायल को ओबामा का आश्वासन (लीड-1)

वाशिंगटन, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर इजरायल की चिंताओं को एक बार फिर दूर करने की कोशिश की और कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल नहीं कर पाए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक समझौते की रूपरेखा को लेकर ईरान तथा पी5 प्लस1 (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन तथा जर्मनी) समूह के देशों के बीच स्विट्जरलैंड के लुसाने शहर में बनी सहमति की घोषणा के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से गुरुवार को बात की और उन्हें एक बार फिर अपनी चिंताओं से अवगत कराया।

ओबामा से बातचीत में नेतन्याहू ने कहा, “समझौते के जिस प्रारूप पर सहमति बनी है, वह इजरायल के अस्तित्व के लिए खतरा है। इससे ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक नहीं लग पाएगी, बल्कि उसे वैधता मिल जाएगी। उस पर लगे प्रतिबंध हट जाएंगे, जिससे उसकी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और न केवल मध्य-पूर्व, बल्कि इससे बाहर भी उसकी आक्रामकता तथा उसके आतंक में वृद्धि होगी। इन सबसे अंतत: इजरायल का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा।”

ओबामा ने हालांकि नेतन्याहू की चिंताओं को दूर करने का प्रयास किया और आश्वस्त किया कि अमेरिका इजरायल की सुरक्षा को लेकर अपनी बचनबद्धता पर पूर्ववत कायम है।

व्हाइट हाउस से जारी बयान के अनुसार, ओबामा ने नेतन्याहू से कहा, “परमाणु मुद्दे पर हुई प्रगति से अमेरिका की वे चिंताएं समाप्त नहीं हुई हैं, जिसके तहत माना जाता है कि ईरान आतंकवाद को प्रश्रय देता है। हम इजरायल की सुरक्षा को लेकर अपनी बचनबद्धता पर कायम हैं।”

बयान के अनुसार, ओबामा ने नेतन्याहू से कहा, “मैंने अपने राष्ट्रीय सुरक्षा दल को इजरायल की नई सरकार के साथ इस संबंध में बातचीत के लिए कहा है कि कैसे हम इजरायल के साथ दीर्घकालिक सुरक्षा सहयोग बढ़ा सकते हैं और ईरान की ओर से होने वाले खतरों का सतर्कतापूर्वक मुकाबला कर सकते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493