कुआलालम्पुर, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल शुक्रवार को यहां जारी 5 लाख डॉलर इनामी मलेशिया ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गईं। अंतिम-4 दौर में सायना का सामना चीन की ली जुइरेई से होगा।
विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी और ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता सायना ने पुत्रा स्टेडियम में विश्व की 15वीं वरीय चीनी खिलाड़ी सुन यू को 21-11, 18-21, 21-17 से हराया। यह मैच एक घंटे 10 मिनट चला।
दोनों खिलाड़ियों के बीच यह चौथी भिड़ंत थी। तीन बार सायना विजयी रही हैं, जबकि एक बार यू को जीत मिली है।
सेमीफाइनल में तीसरी वरीय सायना का सामना मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन और शीर्ष वरीय जुइरेई से होगा।
जुइरेई ने क्वार्टर फाइनल में पूर्व विश्व चैम्पियन और हमवतन यिहान वांग को 14-21, 21-15, 21-12 से पराजित किया। यह मैच 55 मिनट चला।
सायना और जुइरेई के बीच अब तक 10 बार सामना हुई है। जुइरेई ने सायना को आठ बार हार झेलने को मजबूर किया है जबकि सायना दो बार विजयी रही हैं। 2012 के बाद सायना इस चीनी खिलाड़ी के खिलाफ जीत नहीं हासिल कर सकी हैं।
एक दिन पहले विश्व की नम्बर-1 खिलाड़ी का आधिकारिक दर्जा हासिल करने वाली सायना ने दूसरे दौर में चीनी क्वालीफायर जुई याओ को हराया था।
इस टूर्नामेंट में सायना के रूप में भारत की अंतिम उम्मीद बची है। गुरुवार को पुरुष एकल में के. श्रीकांत, पारूपल्ली कश्यप और एचएच प्रनॉय को हार मिली थी। उसी तरह महिला युगल में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को भी हार का सामना करना पड़ा था।
dharmpath.com dharmpath