स्मृति ईरानी ने फैब इंडिया के ट्रायल रूम में कैमरा पकड़ा (लीड-1)

पणजी, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को गोवा में कपड़ों की कंपनी फैब इंडिया के एक शोरूम में कपड़ों के ट्रायल के वक्त देखा कि एक सीसीटीवी कैमरे का मुंह ट्रायल रूम की ओर है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फैब इंडिया के कर्मियों से पूछताछ चल रही है।

पुलिस निरीक्षक नीलेश राणे ने आईएएनएस से कहा कि स्मृति ईरानी उत्तरी इलाके में स्थित तटीय गांव कैलंगुट की एक बुटीक में गई थीं। वह कपड़े पहन कर देख रही थीं, तभी उनके एक सहायक की नजर कैमरे पर पड़ी तो उसने शोरगुल मचाना शुरू कर दिया। यह स्थान राजधानी पणजी से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

राणे ने कहा कि मामले के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 509 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

राणे ने कहा, “जिस समय केंद्रीय मंत्री शोरूम में थीं, तभी उनके एक सहायक ने उन्हें कैमरे के बारे में बताया। कैमरा लगा तो ट्रायल रूम के बाहर है लेकिन ऐसा लगता है कि वह अंदर के दृश्यों को रिकॉर्ड करता है।”

उन्होंने कहा कि कैमरे के लैंस का फोकस खिड़की के माध्यम से फैब इंडिया के ट्रायल रूम की ओर था।

स्मृति ईरानी से हालांकि संपर्क नहीं हो सका। कैलंगुट से भाजपा विधायक मिसेल लोबो ने कहा कि राज्य की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। लोबो मौके पर मौजूद थे।

लोबो ने कहा, “मैं पुलिस के साथ फिलहाल हार्ड डिस्क की छानबीन कर रहा हूं। कैमरा बहुत ही गलत जगह लगाया गया था, और पिछले तीन से चार महीनों की फुटेज मिली है जिसमें महिलाएं कपड़े बदल रही हैं।”

कांग्रेस ने इसी बीच दावा किया कि ‘चेंजिंग रूम कांड’ गोवा का सबसे बड़ा राज है, खात तौर पर पर्यटन केंद्रित तटीय इलाकों में।

कांग्रेस के प्रवक्ता दुर्गादास कामत ने कहा, “केवल यही बुटीक नहीं, इस तरह की सुविधाओं वाली सभी बुटीकों की जांच की जानी चाहिए। एक केंद्रीय मंत्री कम से कम अधिकारियों को सचेत कर सकता है, लेकिन ज्यादातर लोग ऐसा नहीं कर सकते।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493