काबुल, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत वारदक में शनिवार को सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवादी ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान तालिबान के एक शीर्ष कमांडर सहित चार आतंकवादी मारे गए।
सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, “सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर जघातो और जलरिज जिलों में तालिबान ठिकानों पर छापेमारी की।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, बयान में बताया गया, “छापेमारी में तालिबान के एक मुख्य सरगना मुल्ला वजीर और तीन अन्य आतंकवादियों सहित चार आतंकवादी मारे गए, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।”
मुल्ला वजीर वारदक प्रांत में तालिबान का कमांडर था। उसकी मौत से वारदक और आसपास के प्रांतों के आतंकवादियों को बड़ा झटका लग सकता है।
बयान में बताया गया कि छापेमारी के दौरान आतंकवादियों के ठिकानों से 100 किलोग्राम विस्फोटक सहित बहुत से हथियार और गोलाबारूद बरामद हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath