मप्र : नीमच में कर्फ्यू जारी, 45 गिरफ्तार

नीमच, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद कस्बे में हनुमान जयंती के मौके पर निकाले गए जुलूस पर हुए पथराव के प्रतिशोध में भड़की हिंसा में 10 लोगों के घायल होने के बाद शहर में शुक्रवार की रात से लगाया गया कर्फ्यू शनिवार को भी जारी है। घायलों की संख्या 20 हो गई है। इलाके में भारी पुलिस तैनात है।

उज्जैन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक मधु कुमार ने शनिवार को आईएएएनएस को बताया कि एहतियात के तौर पर कर्फ्यू जारी है, 45 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि हिंसा में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए, कई मकानों, दुकानों व वाहनों में आग लगा दी गई। अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस की गश्त जारी है। पड़ोसी जिलों से भी भारी पुलिस बल जावद पहुंच चुका है।

हनुमान जयंती की जुलूस पर शुक्रवार को एक वर्ग विशेष के लोगों ने पथराव किया था, उसके बाद हिंसा भड़क उठी थी। उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले छोड़े गए। पहले 10 लोग घायल हुए, उसके बाद घायलों की संख्या बढ़कर 20 हो गई। जब स्थिति नहीं संभली तो निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू की गई और रात 8 बजे से कर्फ्यू लागू कर दिया गया जो अब तक जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493