नीतीश ने अमित शाह पर किया पलटवार

पटना, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने जब बिहार में नीतीश कुमार के शासन को ‘जंगलराज-2’ कहा तो मुख्यमंत्री नीतीश ने पलटवार करते हुए शनिवार को भाजपा से सवाल किया कि ‘वर्ष 2002 का गुजरात दंगा आखिर क्या था?’

पटना में पथ निर्माण विभाग के एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद नीतीश ने पत्रकारों से कहा, “उन्हें (अमित शाह) अन्य स्थानों पर कानून व्यवस्था के बारे में बोलने का कोई अधिकार नहीं है। वह पहले यह बताएं कि गुजरात में वर्ष 2002 का दंगा क्या था, उस समय क्या वहां कानून का राज था? उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।”

अमित शाह ने बेंगलुरू में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा था कि गुजरात में पार्टी 10 वर्ष से अधिक समय से सत्ता में है, इस पर उन्हें गर्व है। उनके इस बयान पर तंज कसते हुए नीतीश ने कहा, “केंद्र की सत्ता में एक वर्ष पूरा होने से पहले ही उनकी हवा निकल गई। उन्हें लोगों का गुस्सा झेलना पड़ रहा है।”

नीतीश ने कहा कि भाजपा के नेता बड़े-बड़े दावे और जुमलेबाजी करने में माहिर हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शुक्रवार को अमित शाह ने आरोप लगाया था कि बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाथ मिलाने के कारण बिहार में ‘जंगलराज-2’ लौट आया है। उन्होंने कहा था कि बिहार में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनादेश मिलना तय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493