जदयू को विलीन कर रहे नीतीश : उपेंद्र कुशवाहा

पटना, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश ने जनता दल (युनाइटेड) का विलय नहीं, विलीन करने का फैसला लिया है।

यहां के गांधी मैदान में आयोजित रालोसपा की किसान-नौजवान रैली को संबोधित करते हुए कुशवाहा ने कहा कि रालोसपा बिहार में कभी भी जंगलराज नहीं आने देगी।

उन्होंने कहा, “जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभाली थी, तब कहा था कि वह नहीं बोलेंगे, उनका काम बोलेगा। लेकिन अब वह प्रतिदिन झूठ बोलकर लोगों को बरगला रहे हैं।”

कुशवाहा ने कहा, “नीतीश ने जंगलराज के कर्ता-धर्ता लालू प्रसाद के सामने नतमस्तक होकर विलय कर अपनी हार स्वीकार कर ली है। वैसे इनके विलय से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सेहत पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।”

उन्होंने कहा, “दोनों भाई (लालू और नीतीश) ने 25 वर्ष में बिहार को बर्बाद कर दिया है, और फिर पांच वर्ष मांग रहे हैं। जब 25 वर्षो में कुछ नहीं हुआ तो अगले पांच वर्ष में वे लोग क्या कर लेंगे?”

रालोसपा अध्यक्ष ने रैली में आए किसानों और नौजवानों से संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि नीतीश भले ही सुशासन के अपने वादे को भूल गए हों, लेकिन रालोसपा बिहार में जंगलराज नहीं आने देगी।

उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव का परिणाम राजग के लिए लोकसभा चुनाव के परिणाम से बेहतर होगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार ने रालोसपा की रैली को विफल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि रालोसपा कार्यकर्ताओं के वाहनों को महात्मा गांधी सेतु पर रोका गया। वह खुद गांधी सेतु पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के वाहनों को आगे बढ़वाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493