मेड्रिड, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पुर्तगाल के दिग्गज स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने करियर का सबसे तेज हैट्रिक लगाते हुए स्पेन के शीर्ष लीग टूर्नामेंट ला लीगा में ग्रेनाडा के खिलाफ मैच में पांच गोल दाग दिए, जिसकी बदौलत उनका क्लब रियल मेड्रिड यह मैच 9-1 से जीत गया।
रोनाल्डो ने आठ मिनट के अंतराल में एक के बाद एक तीन गोल दाग दिए।
विपक्षी टीम के गोलकीपर ने भी कई गलतियां कीं और उनकी रक्षापंक्ति भी काफी कमजोर रही।
मध्यांतर से पहले हैट्रिक लगाने वाले रोनाल्डो ने मध्यांतर के बाद भी दो और गोल किए।
ग्रैनाडा मैच के 25 मिनट तक स्कोर 0-0 पर रोकने में सफल रहा, लेकिन रियल के गैरेथ बेल ने मैच का पहला गोल दाग दिया।
पहला गोल होने के पांच मिनट बाद ही रोनाल्डो ने आक्रमण शुरू किया लगातार तीन गोल कर दिए। इस बीच ग्रेनाडा भी 38वें मिनट में मैच का अपना एकमात्र गोल करने में सफल रहा।
मध्यांतर के बाद भी ग्रेनाडा के लिए स्थिति नहीं सुधरी और करीम बेंजेमा ने रियल के लिए पांचवां गोल कर दिया। रोनाल्डो ने इसके बाद मैच का अपना चौथा गोल दाग कर स्कोर 6-1 पर पहुंचा दिया।
बेंजेमा ने फिर से फुटबाल को गोल का रास्ता दिखा इस स्कोर को 7-1 पर पहुंचाया, जबकि डिएगो मिंज आत्मघाती गोल कर बैठे और स्कोर को 8-1 पर पहुंचा दिया।
अंतत: रोनाल्डो ने मैच का आखिरी और अपना पांचवां गोल दागा। मैच के आखिरी मिनट में हेडर के जरिए किए गए रोनाल्डो के इस गोल की बदौलत रियल 9-1 से यह मैच जीत गया।
dharmpath.com dharmpath