जालौन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल की बर्बादी से परेशान किसानों की आत्महत्या का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को जालौन जिले में दो किसानों ने खुद को खत्म कर लिया।
पहली घटना मरगयां गांव की है। कालपी के उपजिला अधिकारी गोरेलाल शुक्ला ने बताया, “मरगयां गांव में किसान सियाराम भुर्जी (55) शनिवार की रात जोल्हूपुर मोड़ के निकट रेलवे लाइन में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।”
उपजिला अधिकारी ने बताया कि मृत किसान की जेब से सोसाइड नोट मिला है, जिसमें आत्महत्या की वजह का उल्लेख ‘फसल बर्बादी’ है।
दूसरी घटना दमा गांव की है, जहां युवा किसान जितेंद्र (30) ने रविवार की तड़के बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों किसानों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath