जयपुर, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा जिले में चल रही चंबल परियोजना का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के शुरू होने से जिले में पानी की आपूर्ति की कोई कमी नहीं रहेगी। इस कार्य में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
मेघवाल रविवार को यहां भीलवाड़ा स*++++++++++++++++++++++++++++र्*ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शाहपुरा क्षेत्र के अरवड, नाहर सागर और उम्मेदसागर बांधों के जीर्णोद्धार और विकास कार्यो पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अरवड बांध पर 25.35 करोड़ रुपये, उम्मेदसागर पर 15.99 करोड़ रुपये और नाहर सागर बांध के विकास और जीर्णोद्धार पर 8.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के 59 विद्यालयों में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यो के लिए 2 लाख 90 हजार रुपये की राशि भेज दी गई है। इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक और सांस्कृतिक उन्नयन होगा।
उन्होंने कहा कि शाहपुरा कस्बे की सबसे बडी गंभीर समस्या बाईपास निर्माण का भी समाधान हो गया है और इसके निर्माण पर 17.50 करोड रुपये के प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवा दिए गए हैं। इसके अलावा कस्बे के अस्पताल पर भी पांच करोड़ रुपये खर्च करने के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तैराकी के लिये राष्ट्रीय स्तर का तरणताल का निर्माण भी आने वाले समय में हो जाएगा।
मेघवाल ने कहा कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में रिक्त सभी पद शीघ्र भरे जाएंगे। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण किसानों के लिये कृषि उपजमण्डी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करवा लिया गया है और क्षेत्र के किसानों को मुआवजा दिए जाने की कार्यवाही चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के ओलावृष्टि व अतिवृष्टि की खराबे की जो रिपोर्ट प्राप्त हुई है उससे वे पूर्णत: संतुष्ट हैं।
dharmpath.com dharmpath