श्रीनगर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने इस साल घाटी में भारी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद जताई है।
श्रीनगर में सोमवार को ट्यूलिप गार्डन खोलते हुए सईद ने कहा कि हाल में घाटी में आई बाढ़ को राष्ट्रीय मीडिया द्वारा बेहद तवज्जो देने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने कहा, “घाटी में कहीं भी बाढ़ की स्थिति नहीं है। हां, कहीं-कहीं पर जलभराव जरूर है। बीते साल यहां अप्रत्याशित बाढ़ आई थी, जिसके कारण लोग डरे हुए थे।”
सईद ने कहा, “सरकार ने त्वरित कदम उठाए। लोगों ने अपने जगहों से सामानों को हटाना शुरू कर दिया था। हमने उन्हें नहीं रोका, क्योंकि बीते साल बिना किसी चेतावनी के बाढ़ आ गई थी, जिसके कारण लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था।”
इस दौरान, मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस साल यहां रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक आएंगे।
उन्होंने कहा, “इस साल यहां पर्यटक भारी संख्या में आएं, इसे सुनिश्चित करने का हम प्रयास कर रहे हैं। देश के अन्य जगहों की तरह ही यह जगह भी शांतिपूर्ण है। यहां की सुंदरता देखने के लिए लोगों को यहां जरूर आना चाहिए और यहां के लोगों के आतिथ्य का आनंद उठाना चाहिए।”
प्रसिद्ध डल झील के किनारे तथा जबरवान पहाड़ के नीचे 30 हेक्टेयर भूमि में फैला ट्यूलिप गार्डन एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन है।
गार्डन के सहायक पुष्प कृषि अधिकारी इमरान अहमद अहंगार ने कहा, “इस समय गार्डन में ट्यूलिप की 53 किस्में मौजूद हैं और 10 लाख से अधिक ट्यूलिप के फूल खिले हुए हैं। इस साल हमने ट्यूलिप के तीन लाख बल्ब (जड़) आयात किए हैं।”
उन्होंने कहा, “तापमान व नमी के हिसाब से गार्डन हर साल एक महीने के लिए फूलों से गुलजार रहता है।”
अहंगार ने कहा कि बीते साल 16 लाख पर्यटक आए थे।
dharmpath.com dharmpath