कश्मीर में आतंकवादी हमला, 3 पुलिसकर्मी शहीद (लीड-1)

श्रीनगर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में सोमवार को दो अलग-अलग जगहों पर आतंकवादियों के हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शोपियां जिले के अम्शीपोरा गांव में आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से तीन सदस्यीय एक पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, जिसमें तीनों शहीद हो गए।

उन्होंने कहा, “तीन सदस्यीय पुलिस पार्टी अम्शीपोरा गांव में एक अपराध की जांच के सिलसिले में गई थी, जहां आतंकवादियों ने उनपर स्वचालित हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें एक हेड कांस्टेबल तथा दो सिपाही शहीद हो गए।”

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व अर्धसैनिक बल के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

वहीं, बारामूला जिले में आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “श्रीनगर-मुजफ्फराबाद सड़क पर मुजगुंड में एक सवारी बस में दो आतंकवादी सवार हुए।”

उन्होंने कहा, “दोनों आतंकवादियों ने बस में ही बैठे आईआरपी के तीसरे बटालियन के उपनिरीक्षक गुलाम मुस्तफा पर बेहद नजदीक से गोलियां चलाई। इसके बाद वे बस का अपहरण कर उसे शेल्लू (सोपोर) तक ले गए और वहां उतरकर फरार हो गए।”

घायल पुलिस अधिकारी को गंभीर अवस्था में श्रीनगर के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493