पणजी, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा के फैब इंडिया स्टोर में गुप्त कैमरा मामले में स्टोर की प्रबंधक चैत्राली सावंत को सोमवार को एक स्थानीय अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सीसीटीवी कैमरे का रुख स्टोर के ट्रायल रूम की तरफ देखा था, जिसके बाद उन्होंने इस बारे में शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
स्मृति के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी (भाजापा) के स्थानीय विधायक ने फैब इंडिया के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद से ही सावंत लापता थीं।
मपुसा कस्बे के प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी ने सावंत को 10 हजार रुपये की जमानत राशि पर अंतरिम जमानत दे दी और अपराध शाखा द्वारा की जा रही इस मामले की जांच में सहयोग देने के लिए कहा।
सावंत को सात-आठ अप्रैल को पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच के समक्ष उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
अपराध शाखा से भी कहा गया है कि अदालत की मंजूरी लिए बिना उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाए।
स्टोर के चार कर्मचारियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें शनिवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया। वहीं, फैबइंडिया ने किसी भी गलत कार्य से इंकार करते हुए मंत्री से माफी मांगी है।
dharmpath.com dharmpath