किंग्सटन (जमैका), 7 अप्रैल (आईएएनएस)। छह बार के ओलंपिक चैम्पियन उसेन बोल्ट इस साल बीजिंग में अगस्त में होने वाले विश्व चैम्पियनशिप की तैयारियों में जुट गए हैं जहां उनका मकसद अपना खिताब बचाना होगा।
समाचार वेबसाइट बीबीसी के अनुसार बोल्ट के कोच ग्लेन मिल्स ने कहा, “आखिरी बार जब आपने बोल्ट को दौड़ते हुए देखा था, तब से उनमें अब तक काफी सुधार आ चुका है।”
बोल्ट की कोशिश विश्व चैम्पियनशिप के 100 मीटर स्पर्धा में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक और 200 मीटर स्पर्धा में चौथी बार स्वर्ण जीतने की होगी।
बोल्ट पिछले साल चोट के कारण केवल तीन रेसों में ही हिस्सा ले सके। बोल्ट ने हालांकि इसके बावजूद कहा कि वह मौजूदा सत्र में अच्छे प्रदर्शन को लेकर आशान्वित हैं।
बोल्ट ने कहा, “मैं इस सत्र में बहुत तेज दौड़ना चाहता हूं और हम इस पर काम कर रहे हैं। फिलहाल मेरा ध्यान इसी महीने ब्राजील में होने वाले रेस पर है।”
बोल्ट को हालांकि अमेरिकी धावक 33 वर्षीय जस्टिन गेटलिन से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।
गेटलिन ने वर्ष-2004 में ओलंपिक खेलों के 100 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2005 में हुए विश्व चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक अपने नाम करने में कामयाब रहे।
dharmpath.com dharmpath