हैदराबाद, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। लेखापरीक्षण कंपनी प्राइसवाटरहाउसकूपर्स ने गुरुवार को कहा कि वह सत्यम घोटाले मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत के फैसले से निराश है। इस मामले में कंपनी के दो पूर्व साझेदारों को दोषी ठहराया गया है।
सत्यम मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने 10 आरोपियों को दोषी करार दिया, जिसमें प्राइसवाटरहाउसकूपर्स के दो पूर्व साझेदार एस.गोपालकृष्णन और श्रीनिवास तल्लुरी भी शामिल हैं।
सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज लिमिटेड की पूर्व लेखापरीक्षक कंपनी प्राइसवाटरहाउसकूपर्स ने कहा कि वह फैसले से निराश है।
प्राइसवाटरहाउकूपर्स द्वारा बेंगलुरू में जारी किए गए बयान में कहा गया, “जैसा कि हम पहले भी कई बार कह चुके हैं कि सत्यम में प्रबंधन द्वारा किए गए घोटाले में न तो हमारे पूर्व साझेदार एस.गोपालकृष्णन या श्रीनिवास तल्लुरी शामिल थे और न ही उन्हें इसकी जानकारी थी।”
बयान में कहा गया, “हम यह समझते हैं कि गोपाल और तल्लुरी इस फैसले के खिलाफ याचिका दाखिल करने के बारे में सोच रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath