गुड़गांव, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। गुड़गांव में बेखौफ लुटेरे एक पुलिस थाने के पास लगे एटीएम मशीन को ही उखाड़कर ले गए। एटीएम मशीम में तकरीबन दो लाख रुपये थे।
खेरकी दौला सामुदायिक केंद्र के पास दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस-वे पर स्थित एटीएम के कमरे में तीन से चार लोग घुसे और वहां पर मौजूद चौकीदार को बंदी बना लिया। इसके बाद लुटेरे एटीएम ले उड़े।
एटीएम, खेरकी पुलिस थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित था।
पिकअप जीप में आए लुटेरे गैस कटर की सहायता से एटीएम काटकर उसकी नकदी पेटिका ले उड़े।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “एटीएम कमरे के भीतर लगा सीसीटीवी कैमरा काम नहीं कर रहा था और वहां पर तैनात चौकीदार के पास भी कोई हथियार नहीं था।”
चौकीदार ने पुलिस को बताया कि लुटेरे आधी रात को दो बजे के करीब आए और एक घंटे बाद एटीएम लूटकर चले गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि लूट की योजना पहले से ही बनाई गई थी और लुटेरे इस बात से भलीभांति परिचित थे कि एटीएम कमरे के भीतर लगा कैमरा काम नहीं कर रहा है।”
dharmpath.com dharmpath