चंद्रबाबू की चीन यात्रा शुरू

हैदराबाद, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की रविवार से शुरू हुई छह दिवसीय चीन यात्रा में 13 सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

नायडू के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को बीजिंग पहुंच गया। इसमें दो मंत्री भी शामिल हैं। इस दौरे में राज्य सरकार और चीन के कारोबारी जगत के बीच (जी2बी) छह सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

एक समझौता कैमल ग्रुप कंपनी लिमिटेड के साथ होगा, जो बैटरी से संबंधित शोध और विकास, विनिर्माण, विपणन और पुनर्चक्रण में लगी हुई है।

एक समझौता चाइना काउंसिल फॉर द प्रमोशन ऑफ इंटरनेशनल ट्रेड के साथ होगा, जो चीन के अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक और वाणिज्यिक हितों का संवर्धन करती है।

एक समझौता गुइझो इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के साथ होगा। इस कंपनी का एक प्रतिनिधिमंडल गत वर्ष नवंबर में विशाखापत्तनम के दौरे पर आया था।

रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, राज्य सरकार एक समझौता सिनोमो इंटरनेशनल इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के साथ करेगी, जो उपकरण विनिर्माण और आपूर्ति तथा इंजीनियरिंग क्षेत्र में कारोबार करती है।

एक अन्य समझौता न्यू होम लियूही कंपनी लिमिटेड के साथ होगा, जो कृषि उद्योग के एकीकरण से संबंधित कारोबार कर रही है।

दोनों देशों के कारोबारी जगत के बीच (बी2बी) बीजिंग में दो समझौते होने हैं।

वर्टेक्स सीमेंट्स (इंडिया) चीन की कंपनी सिनोमा के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर करेगी।

परिधान विनिर्माण और आपूर्तिकर्ता कंपनी ब्रांडिक्स और चीन की कंबल विनिर्माता कंपनी जियांगसू किंगडे टेक्सटाइल कंपनी लिमिटेड एक अन्य समझौते पर हस्ताक्षर करेगी।

यात्रा के दूसरे पड़ाव चेंगदू में भी प्रतिनिधिमंडल तीन सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर करेगा।

इस दौरे में प्रतिनिधिमंडल चीन के निवेशकों, उद्योगपतियों और कारोबारियों से मिलकर राज्य में निवेश के लिए उन्हें आमंत्रित करेगा।

गत वर्ष जून में सत्ता में आने के बाद नायडू का यह पांचवां विदेश दौरा है। वह दो बार सिंगापुर जा चुके हैं। वह जापान भी गए थे।

विश्व आर्थिक मंच सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए वह दावोस भी जा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493