कैपिटल हिल पर गोलाबारी आत्महत्या की घटना : पुलिस

वाशिंगटन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी संसद कैपिटल हिल के पास हुई गोलाबारी घटना को पुलिस ने आत्महत्या का मामला बताया है। पुलिस ने कहा है कि इस घटना के आतंकवाद से जुड़े होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।

समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, कैपिटल पुलिस के प्रवक्ता किंबरली स्नाइडर ने शनिवार को कहा, “पुष्टि हो गई है कि आत्महत्या के प्रयास में गोली चलाई गई।”

कैपिटल पुलिस प्रमुख किम डिने ने ‘सीएनएन’ को बताया कि शनिवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति कैपिटल हिल के पश्चिमी भाग में सार्वजनिक क्षेत्र के पास चलकर गया और उसने खुद को गोली मार दी।

डिने ने कहा कि अब तक इस घटना के आतंकवाद से संबंधित होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

कैपिटल पुलिस का कहना है कि बंदूकधारी के पास पीठ पर लादने वाला थैला (बैगपैक) और एक सूटकेस था। अधिकारियों को यह सामान संदिग्ध लगा। इसलिए सामान की जांच के लिए स्थान को सील कर दिया गया।

अधिकारियों का कहना है कि हमलावर के पास एक संकेत कार्ड था, जिस पर सामाजिक न्याय के संदर्भ में संदेश लिखा हुआ था। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, उस संकेतक पर एक प्रतिशत कर के बारे में भी कुछ लिखा हुआ था।

इस घटना के दौरान कई पर्यटक घटनास्थल पर मौजूद थे और वे जांच अधिकारियों को फोटो और वीडियो दिखा रहे थे।

डिने ने कहा कि कैपिटल पुलिस के सदस्यों ने गोलाबारी के जवाब में कोई गोली नहीं चलाई।

संदिग्ध सामान की जांच के बाद अपराह्न 3.50 बजे घेरेबंदी हटा दी गई और पैदल यात्रियों के लिए यातायात बहाल कर दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493