सानिया आधिकारिक तौर पर बनी नम्बर-1 युगल खिलाड़ी

चार्ल्सटन, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा सोमवार को आधिकारिक तौर पर विश्व की सर्वोच्च वरीय महिला युगल खिलाड़ी बन गईं। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला टेनिस स्टार हैं।

महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) द्वारा सोमवार को जारी ताजातरीन रैंकिंग में सानिया शीर्ष पर हैं। सानिया ने स्विट्जरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ फेमिली सर्किल कप खिताब जीतकर यह मुकाम हासिल किया है।

शीर्ष वरीयता प्राप्त सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में केसी डेलाक्वा और दारिजा जुराक की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-4 से हरा दिया।

सानिया युगल या एकल किसी भी वर्ग में सर्वोच्च विश्व वरीयता पाने वाली पहली भारतीय और चौथी एशियाई महिला खिलाड़ी बन गईं।

सानिया से पहले जापान की आई सुगियामा, चीन की पेंग शुआई और चीनी ताइपे की हसीएह सू वेई ही विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में सफल रही हैं।

डब्ल्यूटीए रैंकिंग के मुताबिक सानिया के खाते में कुल 7660 अंक हैं जबकि इटली की सारा इरानी और रोबर्टा विंसी के पास 7640 अंक हैँ। हिंगिस 6465 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।

रविवार देर रात (भारतीय समयानुसार) हुए खिताबी मुकाबले में मिली जीत के बाद सानिया ने कहा, “दुनिया में नंबर-1 बनना किसी भी बच्चे के लिए सपने के सच होने जैसा होता है।”

सानिया ने कहा, “यह उपलब्धि में हिंगिस से बेहतर किसी अन्य के साथ हासिल करने के बारे में सोच भी नहीं सकती थी। जब हम यहां आए थे तो हमारे दिमाग में एक ही बात थी, शीर्ष पर पहुंचना और हिंगिस ने वास्तव में इसमें मेरी बहुत मदद की। उन्होंने मुझे बीते कुछ कठिन सप्ताहों में काफी मदद की।”

पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला एकल खिलाड़ी हिंगिस की सराहना करते हुए सानिया ने कहा, “मैं आपको बूढ़ी होने का अहसास नहीं कराना चाहती, पर मैं जब बच्ची थी तब से आपको खेलते हुए देख रही हूं। तब आप अधिकांश लड़कियों की आदर्श थीं। आपने यह कारनामा मात्र 15 वर्ष की आयु में कर दिया था।”

गौरतलब है कि इस वर्ष लगातार तीसरा खिताब जीतने वाली सानिया-हिंगिस की जोड़ी को वर्ष के आखिरी टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स में पहले ही शीर्ष वरीयता दी जा चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493